Korba अंतरराज्यीय बैंक सेंधमारी गिरोह का भंडाफोड़, हरियाणा से दो आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा पुलिस ने अंतरराज्यीय बैंक सेंधमारी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए हरियाणा के रोहतक से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों पर यूनियन बैंक, प्रगतिनगर दीपका शाखा में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जप्त की है।

पुलिस के अनुसार थाना दीपका में अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a), 331(4) एवं 62 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को यूनियन बैंक, प्रगतिनगर दीपका के शाखा प्रबंधक ने थाना दीपका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने बैंक के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करने और चोरी का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनका पीछा किया।

जांच के दौरान पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से दो आरोपियों—जीतेन्द्र बड़क (33 वर्ष) एवं परवीन कुमार (36 वर्ष)—को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार क्रमांक HR 12 AY 6504 जप्त की गई। इसके बाद आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई तथा न्यायालय में पेश किया गया।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल निकटतम थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

“सतर्क नागरिक – सुरक्षित समाज” के संदेश के साथ कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपराध नियंत्रण में सहयोग की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *