रायपुर, 13 सितंबर 2026। बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक को प्रकरण की गंभीरता से जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आवासीय विद्यालय और छात्रावास बच्चों के लिए घर की तरह हैं और अभिभावक भरोसे के साथ अपने बच्चों को इन संस्थानों में भेजते हैं। इस भरोसे और बच्चों की गरिमा की रक्षा शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिकायत मिली तो तत्काल कार्रवाई
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुर्व्यवहार, उत्पीड़न अथवा असुरक्षित वातावरण से जुड़ी शिकायत मिलते ही उसे पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाना चाहिए। जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर बिना विलंब विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। यदि किसी स्तर पर शिकायत की अनदेखी, उसे दबाने या छिपाने का प्रयास अथवा कर्तव्य में लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
उन्होंने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। इन संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने के साथ सुरक्षा प्रोटोकॉल, अधीक्षकों एवं जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति तथा शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की भी जांच करने कहा गया है।
बेटियां बिना डर अपनी बात रख सकें
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिसमें छात्राएं बिना किसी भय, दबाव या संकोच के अपनी समस्याएं और शिकायतें सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत आने के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। नियमित निरीक्षण, छात्राओं से संवाद और प्रभावी निगरानी के जरिए समस्याओं की पहचान पहले ही की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं से दुर्व्यवहार, उत्पीड़न अथवा डराने-धमकाने की कोई भी शिकायत सामने आने पर संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई करें। जरूरत पड़ने पर प्रभावित छात्राओं को काउंसलिंग और अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।
सुरक्षित माहौल में पढ़ें और आगे बढ़ें बेटियां
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश की बेटियां निर्भय होकर पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें, इसके लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है। प्रत्येक आवासीय विद्यालय और छात्रावास में बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सर्वोपरि है।
उन्होंने दोहराया कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।













Leave a Reply