जगदलपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ किया। आधुनिक तकनीक से तैयार यह स्टूडियो बस्तर के युवाओं, नवाचारी लोगों और स्थानीय प्रतिभाओं को कंटेंट निर्माण के साथ अपनी कला, विचार और अनुभवों को बड़े डिजिटल मंच तक पहुंचाने का अवसर देगा।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बस्तर की कहानी पहुंचाने की पहल
शुभारंभ के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने क्रिएटर हब की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने यहां मौजूद आधुनिक तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली और युवाओं को डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर अपनी प्रतिभा सामने लाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि बस्तर की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और विकास से जुड़ी सकारात्मक तस्वीर को डिजिटल माध्यमों के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है। क्रिएटर हब इस दिशा में स्थानीय युवाओं के लिए उपयोगी मंच बन सकता है।
शुरुआत ही डिप्टी CM के पॉडकास्ट इंटरव्यू से
बस्तर क्रिएटर हब के शुभारंभ के साथ ही यहां पहला पॉडकास्ट भी रिकॉर्ड किया गया। इस पहले एपिसोड में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का इंटरव्यू लिया गया। बातचीत के दौरान उन्होंने बस्तर के विकास, युवाओं की भूमिका और नई तकनीकों के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
Podcast से Video तक, युवाओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बस्तर क्रिएटर हब को कंटेंट निर्माण से जुड़ी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के लिए तैयार किया गया है। यहां युवा पॉडकास्ट, वीडियो, डिजिटल मीडिया और अन्य क्रिएटिव कंटेंट तैयार कर सकेंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना और उनके काम को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने में मदद करना है।
स्थानीय मुद्दों को ग्लोबल मंच देने की तैयारी
क्रिएटर हब के जरिए बस्तर के युवा अपने विचारों, अनुभवों और नवाचारों को नए तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे। स्थानीय विषयों, कला और संस्कृति से जुड़े कंटेंट को डिजिटल माध्यमों पर बढ़ावा मिलने से बस्तर की पहचान को देश और दुनिया के सामने नए अंदाज में रखने की उम्मीद है।
यह पहल खास तौर पर उन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो कंटेंट क्रिएशन और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं, लेकिन आधुनिक संसाधनों की कमी के कारण अपनी प्रतिभा को व्यापक मंच तक नहीं पहुंचा पाते।
शुभारंभ कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, IG बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत CEO तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर यशवंत नाईक सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी और क्रिएटर हब से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।



Leave a Reply