रायपुर, 14 सितंबर 2026 : नवा रायपुर एक बड़े गोल्फ आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है। 15 सितंबर से फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के CEO अमनदीप जौहल की मौजूदगी आयोजन के आकर्षण को और बढ़ाएगी।
इस प्रतियोगिता के जरिए नवा रायपुर को देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित करने की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है। साथ ही प्रदेश में खेल पर्यटन को बढ़ावा देने और उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने पर भी जोर है।
मुख्यमंत्री करेंगे पहला शॉट
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ करेंगे। इसके बाद खिलाड़ियों से मुलाकात और प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण होगा। आयोजन स्थल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रखी गई है, जिसमें प्रतियोगिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
कपिल देव की मौजूदगी से बढ़ा आयोजन का कद
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ में कपिल देव की मौजूदगी खेल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेगी। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष के रूप में वे प्रतियोगिता से जुड़े रहेंगे। वहीं CEO अमनदीप जौहल की उपस्थिति से प्रोफेशनल गोल्फ से जुड़े पहलुओं को भी मंच मिलेगा।
राष्ट्रीय स्तर के खेल विशेषज्ञों और खिलाड़ियों की भागीदारी से नवा रायपुर को गोल्फ की दुनिया में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यह आयोजन प्रदेश में गोल्फ को लेकर रुचि बढ़ाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने के लिए प्रेरित कर सकता है।
कब, कहां और कैसे होगा शुभारंभ ?
इवेंट : नवा रायपुर ओपन 2026
तारीख : 15 सितंबर 2026
स्थान : फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर
सेरेमोनियल टी-ऑफ : शाम 3:05 बजे
मुख्य अतिथि : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
विशिष्ट अतिथि : कपिल देव और अमनदीप जौहल
खेल से पर्यटन तक, नवा रायपुर की नई पहचान
नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना को देखते हुए यहां बड़े खेल आयोजनों की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ इसी क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर सामने रखने का अवसर है। गोल्फ प्रतियोगिता के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के आने से पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
आयोजन का लक्ष्य प्रदेश में गोल्फ की संस्कृति को मजबूत करना, नई प्रतिभाओं को अवसर देना और नवा रायपुर को खेल, पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं के संगम वाले शहर के रूप में स्थापित करना है।
राष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए तैयार हो रहा नवा रायपुर
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ आने वाले समय में शहर में बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए आधार तैयार करने वाला आयोजन साबित हो सकता है। गोल्फ के जरिए छत्तीसगढ़ की खेल क्षमता और नवा रायपुर की सुविधाओं को देशभर तक पहुंचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।






Leave a Reply